अशोकनगर, 31 मार्च 2026। म.प्र. शासन के निर्देशानुसार 02 से 08 अप्रैल 2026 तक आयोजित होने वाले “साधना सप्ताह” के तहत आईगोट कर्मयोगी पोर्टल का ऑनलाइन प्रशिक्षण जिले में 30 एवं 31 मार्च को आयोजित किया गया।
कलेक्टर साकेत मालवीय के निर्देश एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत राजेश कुमार जैन (नोडल अधिकारी) के मार्गदर्शन में आयोजित प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न विभागों के जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को आईगोट पोर्टल एवं मोबाइल एप के माध्यम से प्रशिक्षण कोर्स पूर्ण करने, प्रोफाइल अपडेट करने तथा प्रमाण-पत्र डाउनलोड करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण में बताया गया कि “साधना सप्ताह” के दौरान समस्त शासकीय सेवकों एवं संविदा अधिकारियों/कर्मचारियों को न्यूनतम 10 प्रशिक्षण कोर्स (विभागीय एवं थीम आधारित) पूर्ण करना अनिवार्य होगा, जिनकी कुल अवधि 4 घंटे से कम नहीं होगी।
इसके साथ ही विभाग प्रमुखों को अपने-अपने विभाग में नोडल अधिकारी एवं मास्टर ट्रेनर नियुक्त करने तथा दैनिक प्रगति रिपोर्ट निर्धारित प्रारूप में समय पर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
प्रशिक्षण में जिले के अधिकारी-कर्मचारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। तकनीकी सहयोग जिला प्रबंधक ई-गवर्नेंस पुष्पेंद्र शर्मा एवं वरिष्ठ प्रशिक्षक ई-दक्ष केंद्र निरपाल सिंह पवार द्वारा प्रदान किया गया।