आईपीएल सट्टे पर अशोकनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ऑनलाइन गिरोह का खुलासा

अशोकनगर | दिनांक: 14 अप्रैल 2026

अशोकनगर जिला में आईपीएल सट्टे के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ऑनलाइन सट्टा गिरोह का पर्दाफाश किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशन में की गई।

पुलिस अधीक्षक द्वारा जिले के सभी थाना प्रभारियों को ऑनलाइन सट्टा गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे, जिसके पालन में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह कंवर एवं एसडीओपी अशोकनगर विवेक शर्मा के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक रवि प्रताप सिंह चौहान की टीम ने यह सफलता हासिल की।

कार्रवाई दिनांक 13 अप्रैल 2026 को आईपीएल के तहत राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेले जा रहे मैच के दौरान की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी मोंटी जैन (25 वर्ष), निवासी दुबे कॉलोनी, अशोकनगर को गिरफ्तार किया।

आरोपी के कब्जे से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन एवं सट्टा संचालन में प्रयुक्त अन्य सामग्री जब्त की गई। उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 233/2026 के तहत धारा 4(क) जुआ अधिनियम एवं धारा 112(1) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

जप्त मोबाइल की जांच में विभिन्न वेबसाइटों पर संचालित आईपीएल सट्टे की आईडी, बैंक ट्रांजेक्शन से जुड़े स्क्रीनशॉट, फोनपे ट्रांजेक्शन हिस्ट्री एवं गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के साथ बातचीत के अहम साक्ष्य मिले हैं। प्रारंभिक जांच में अंश रघुवंशी, अभिषेक महाना सहित इंदौर में सक्रिय अन्य संदिग्धों के मोबाइल नंबर भी सामने आए हैं।

पुलिस द्वारा तकनीकी साक्ष्यों और ट्रांजेक्शन हिस्ट्री का विश्लेषण किया जा रहा है तथा गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी, उप निरीक्षक आशुतोष गुप्ता सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध सट्टा गतिविधियों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने