शिवपुरी/कोलारस। क्षेत्र में एक किसान के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जहां एक ड्राइवर सरसों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर फरार हो गया। पीड़ित किसान ने इस संबंध में थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार ग्राम पारसौल निवासी हरिनारायण राठौर (59 वर्ष) ने दिनांक 15 अप्रैल 2026 की सुबह अपने खेत से लगभग 31 क्विंटल सरसों ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर ड्राइवर नीरज जाटव को बेचने के लिए भेजा था। शाम करीब 5 बजे ड्राइवर ने फोन पर बताया कि सरसों की तौल हो चुकी है और वह ट्रैक्टर लेकर वापस आ रहा है।
इसके बाद ड्राइवर का मोबाइल बंद हो गया और वह रात तक घर नहीं पहुंचा। चिंतित किसान जब उसकी तलाश में निकला तो देहात सड़क किनारे ट्रैक्टर खड़ा मिला, लेकिन ट्रॉली में सरसों नहीं थी और ड्राइवर भी मौके से गायब था।
काफी तलाश के बाद भी जब ड्राइवर का कोई सुराग नहीं लगा, तो किसान ने उसे सरसों लेकर फरार होने का आरोप लगाते हुए थाना कोलारस में शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी ड्राइवर की तलाश की जा रही है।