चंदेरी। शासकीय माधव कॉलेज में गुरुवार को जनभागीदारी समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम मनीष धनगर ने की, जिसमें महाविद्यालय के विकास से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा कर सहमति दी गई।
बैठक में कॉलेज में आधुनिक पुस्तकालय की स्थापना, परिसर में गार्डन विकसित करने, आवारा पशुओं के प्रवेश पर रोक लगाने के लिए बाउंड्रीवाल को मजबूत करने तथा मल्टीपरपज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण हेतु प्रस्ताव तैयार कर कलेक्टर को भेजने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही परिसर में गड्ढों के समतलीकरण जैसे कार्यों पर भी चर्चा हुई।
इस अवसर पर कॉलेज में आयोजित ऑनलाइन राष्ट्रीय शोध संगोष्ठी के शोधपत्रों के संकलन (जर्नल) का विमोचन भी किया गया।
बैठक में प्राचार्य डॉ. अर्पिता तिवारी, श्रीमती संध्या पटसारिया, श्री भुवन भार्गव, संजीव चौबे, जगन्नाथ पिप्पल, डॉ. हरनाम सिंह, डॉ. संचिता राठौर सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
समिति की अगली बैठक अगले माह आयोजित करने का निर्णय लिया गया।