मंडला: अंधी हत्या का खुलासा, पति और पुत्र निकले हत्यारे



मध्यप्रदेश के मंडला जिले में थाना निवास पुलिस ने एक अंधी हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने महिला की हत्या के मामले में उसके ही पति और पुत्र को गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 17 अप्रैल 2026 को ग्राम घुरनेर में एक महिला का शव उसके घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतका की पहचान तुलसा बाई (45 वर्ष) के रूप में हुई।

जांच के दौरान पुलिस ने एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद से साक्ष्य जुटाए। साथ ही परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की गई। जांच में सामने आया कि मृतका का अपने पति से पिछले कई वर्षों से विवाद चल रहा था और दोनों अलग-अलग रह रहे थे।

पुलिस के अनुसार 15 अप्रैल की शाम पुराने विवाद को लेकर पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ। इसी दौरान गुस्से में आकर बेटे ने मां को जमीन पर पटक दिया, जिसके बाद पति ने गला दबाकर और पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी।

घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने की कोशिश भी की, लेकिन पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पूरे मामले का खुलासा कर दिया।

पुलिस ने आरोपी चन्द्रिका प्रसाद उर्फ प्रकाश सिंगरौरे (50 वर्ष) और उसके पुत्र मनोहर प्रसाद सिंगरौरे (24 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम घुरनेर, को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

मामले में हत्या में प्रयुक्त पत्थर और खून से सने कपड़े भी जब्त कर लिए गए हैं।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक गोपाल घासले सहित पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय रही।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने