फर्जी बैंक खातों से धोखाधड़ी करने वाला गिरोह पकड़ा, चार आरोपी गिरफ्तार



अशोकनगर, 19 अप्रैल। जिले में साइबर अपराधों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने फर्जी बैंक खाते खोलकर धोखाधड़ी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 7 अप्रैल को अशोकनगर निवासी रौनक यादव ने थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि कुछ लोग आधार और पैन कार्ड जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेजों का दुरुपयोग कर फर्जी बैंक खाते खोलते हैं और उन्हें अन्य लोगों को बेचकर अवैध लाभ कमाते हैं। साथ ही खाताधारकों को पूरा भुगतान भी नहीं किया जाता था।

जांच के दौरान आरोप सही पाए जाने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई की। पुलिस टीम ने करन अहिरवार, सुयश सिंघई, जितेन्द्र पुरी और प्रवल प्रताप सिंह तोमर को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं, जिनमें बैंक खातों से जुड़े दस्तावेजों के दुरुपयोग के अहम सबूत मिले हैं।

प्रारंभिक जांच में इस गिरोह द्वारा लाखों से लेकर करोड़ों रुपये तक के लेन-देन की आशंका जताई जा रही है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने आधार, पैन और अन्य निजी दस्तावेज किसी अज्ञात व्यक्ति को न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने