अशोकनगर नाबालिग से दुष्कर्म व जबरन धर्म परिवर्तन मामले में 10-10 हजार के दो इनामी आरोपी गिरफ्तार


अशोकनगर, 19 अप्रैल। जिले के पिपरई थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिकाओं से जुड़े गंभीर अपराध के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 10-10 हजार रुपये के दो इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मध्य प्रदेश पुलिस के विशेष जांच दल द्वारा की गई।
पुलिस के अनुसार, 16 अप्रैल 2026 को थाना पिपरई में नाबालिग बालिकाओं के धर्म परिवर्तन, बहला-फुसलाकर दुष्कर्म और जबरन निकाह कराए जाने की शिकायत दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशन में एसडीओपी विवेक शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई और फरार आरोपियों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया। इससे पहले एक विधि-विवादित बालक और एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका था।
लगातार दबिश के बाद पुलिस ने भोपाल के ऐशबाग क्षेत्र से दोनों इनामी आरोपियों—अल्तमश कुरैशी (19) और आहद उर्फ आहत शेख (19)—को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी भोपाल के निवासी हैं।
पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश के लिए भोपाल और आसपास के क्षेत्रों में लगातार कार्रवाई की, जिसके बाद यह सफलता मिली। मामले में अन्य आरोपियों और नेटवर्क की जांच जारी है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में गंभीर अपराधों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने