अशोकनगर ऑपरेशन मुस्कान: अपहृत नाबालिग बालिका सकुशल बरामद, आरोपी गिरफ्तार



अशोकनगर, 29 अप्रैल। प्रदेश में चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान अभियान के तहत अशोकनगर पुलिस ने अपहृत नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।

जानकारी के अनुसार 23 अप्रैल को थाना देहात में एक फरियादी ने अपनी नाबालिग पुत्री के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान सामने आया कि आरोपी ने बालिका को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था, जिसके चलते प्रकरण में अन्य धाराएं भी जोड़ी गईं।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना देहात पुलिस ने टीम गठित कर मुखबिर तंत्र व तकनीकी संसाधनों की मदद से संभावित स्थानों पर लगातार तलाश की। पुलिस की सक्रियता के चलते बालिका को सकुशल दस्तयाब कर लिया गया।

मामले में आरोपी देवेन्द्र (20 वर्ष), निवासी ग्राम गोडन, थाना खनियाधाना, जिला शिवपुरी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस ने बताया कि ऑपरेशन मुस्कान के तहत गुमशुदा एवं अपहृत बच्चों की तलाश और सुरक्षित वापसी के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने