अशोकनगर, 01 अप्रैल 2026। शासन के निर्देशानुसार “स्कूल चले हम” अभियान के तहत जिला स्तरीय प्रवेशोत्सव कार्यक्रम का आयोजन बुधवार को शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शंकरपुर टोरिया में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं नवप्रवेशित विद्यार्थियों को तिलक लगाकर किया गया।
कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष नीरज मनोरिया, पूर्व विधायक जजपाल सिंह जज्जी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत राजेश जैन, जिला शिक्षा अधिकारी सी.के. सिसौदिया, डीपीसी राहुल शर्मा तथा प्राचार्य यू.एस. तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान विद्यार्थियों को नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया गया तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
नगरपालिका अध्यक्ष नीरज मनोरिया ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार द्वारा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप सहायता, स्कूटी एवं साइकिल वितरण जैसी योजनाओं से प्रोत्साहित किया जा रहा है। साथ ही विद्यालयों में स्मार्ट क्लास के माध्यम से डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा दिया जा रहा है।
पूर्व विधायक जजपाल सिंह जज्जी ने विद्यार्थियों से एकाग्रता के साथ अध्ययन कर अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करने का आह्वान किया और उन्हें निरंतर प्रगति की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में आयोजित राज्य स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी किया गया।