अशोकनगर में पोषण ट्रैकर एप पर काम बंद करने का आह्वान, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का निर्णय


अशोकनगर। जिले की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को अखिल भारतीय आंगनवाड़ी संघ के आवाहन पर पोषण ट्रैकर एप पर कार्य बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। इस संबंध में संघ की प्रदेश महामंत्री संगीता श्रीवास्तव द्वारा सभी कार्यकर्ताओं से अपील की गई है कि वे किसी भी परिस्थिति में पोषण ट्रैकर पर कार्य न करें।

जिलाध्यक्ष सुनीता विश्वकर्मा ने बताया कि इस संबंध में कलेक्टर, डीपीओ, सीडीपीओ एवं सुपरवाइजरों को आवेदन देकर सूचित किया गया है। साथ ही यह भी आश्वासन मिला है कि किसी भी कार्यकर्ता पर पोषण ट्रैकर पर काम करने के लिए दबाव नहीं बनाया जाएगा।

संघ के अनुसार यह कदम कार्यकर्ताओं के अधिकारों की मांग को लेकर उठाया गया है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि पिछले तीन वर्षों से केंद्र सरकार द्वारा मानदेय में कोई वृद्धि नहीं की गई है, जबकि कई बार धरना-प्रदर्शन एवं मांगपत्र सौंपे जाने के बावजूद कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया।

इसके अलावा, पोषण ट्रैकर एप पर कार्य करने के बावजूद कार्यकर्ताओं को आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं कराई गईं और लंबे समय से उनकी अन्य मांगें भी लंबित हैं।

इन्हीं मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार पर दबाव बनाने हेतु भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध अखिल भारतीय आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका संघ द्वारा यह निर्णय लिया गया है।

संघ ने सभी कार्यकर्ता बहनों से संगठन के निर्देशों का पालन करते हुए अपने अधिकारों की लड़ाई में सहयोग करने की अपील की है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने