अशोकनगर जिले की बहादुरपुर तहसील की ग्राम पंचायत जसैया के ग्राम कानीखेड़ी स्थित मध्यप्रदेश के प्रसिद्ध तीर्थ क्षेत्र मां जानकी माता करीला धाम में रंगपंचमी के अवसर पर 07 से 09 मार्च 2026 तक तीन दिवसीय वार्षिक करीला मेला श्रद्धा और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ।
रंगपंचमी के अवसर पर लाखों श्रद्धालुओं ने करीला धाम पहुँचकर माता जानकी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्य मंदिर में माता जानकी के साथ महर्षि वाल्मीकि एवं लव-कुश की प्राचीन प्रतिमाएँ स्थापित हैं, जिनके दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं का आना प्रारंभ हो गया था। दिन और रात भर भक्तों ने कतारबद्ध होकर माता जानकी के दरबार में माथा टेककर अपनी मनोकामनाएँ मांगी।
मन्नत पूरी होने पर हजारों श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर के बाहर पारंपरिक राई एवं बधाई नृत्य का आयोजन कराया। रंग-बिरंगी रोशनी से सुसज्जित मंदिर परिसर श्रद्धा और भक्ति के माहौल से सराबोर रहा।
मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यापक व्यवस्थाएँ की गईं। कलेक्टर श्री साकेत मालवीय एवं पुलिस अधीक्षक श्री राजीव कुमार मिश्रा द्वारा करीला मेले की निरंतर मॉनिटरिंग करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया और पल-पल की अपडेट लेकर व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखा गया।