अशोकनगर में वृहद विधिक साक्षरता शिविर आयोजित, आमजन को दी गई कानूनी अधिकारों की जानकारी



अशोकनगर, 28 मार्च 2026।
मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अशोकनगर द्वारा गांधी पार्क स्थित कुटुंब न्यायालय परिसर में शनिवार को वृहद विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री सतीश चंद्र शर्मा द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया।

इस अवसर पर कलेक्टर श्री साकेत मालवीय, एसपी श्री गजेंद्र सिंह कंवर, कुटुंब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश, जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन, विशेषकर कमजोर वर्गों को उनके विधिक अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता एवं शासकीय योजनाओं की जानकारी प्रदान करना रहा।

कलेक्टर श्री साकेत मालवीय ने अपने संबोधन में नागरिकों को उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने की अपील करते हुए अफवाहों से दूर रहने और देश को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने जनसुनवाई एवं निःशुल्क विधिक सहायता के बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर लोगों को मौके पर ही लाभान्वित किया गया। सामाजिक न्याय विभाग द्वारा पेंशन, स्वरोजगार एवं दिव्यांगजनों को उपकरण वितरित किए गए, वहीं श्रम विभाग ने पात्र हितग्राहियों के संबल कार्ड बनाए। आजीविका मिशन ने महिलाओं को स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी दी, जबकि नगर पालिका ने पेंशन एवं नामांतरण संबंधी सेवाएं प्रदान कीं।

शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग सहित अन्य विभागों ने भी अपनी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया। इस दौरान विधि महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने नागरिकों को नए कानूनों एवं उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया।

शिविर में निःशुल्क विधिक परामर्श भी प्रदान किया गया तथा कई मामलों के समाधान हेतु मध्यस्थता एवं लोक अदालत का सहारा लिया गया। यह आयोजन विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहा।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने