अशोकनगर। जिले में गुंडागर्दी और असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना देहात पुलिस ने ‘रॉयल ग्रुप’ के एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
क्या है मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 17 मार्च 2026 को फरियादी दीपक रघुवंशी निवासी दुर्गा कॉलोनी, अशोकनगर ने थाना देहात में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि तुलसी सरोवर पार्क, पछाड़ीखेड़ा रोड पर बैठे समय 6-7 लोगों ने पुरानी रंजिश के चलते उसके मित्रों अमित शर्मा और उमेश अहिरवार के साथ गाली-गलौज की और डंडे एवं लोहे की रॉड से मारपीट की।
आरोपियों ने शराब पीने के लिए पैसे की मांग भी की और मना करने पर जान से मारने की धमकी दी। इस पर थाना देहात में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। इसी क्रम में पुलिस ने आरोपी संजय उर्फ संजू अहिरवार (उम्र 22 वर्ष), निवासी ग्राम देवखेड़ी को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर ‘रॉयल ग्रुप’ बनाकर क्षेत्र में गुंडागर्दी और मारपीट की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।
पहले भी हो चुकी हैं गिरफ्तारियां
इस मामले में पहले ही ‘रॉयल ग्रुप’ के 5 सदस्यों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका है, जो वर्तमान में न्यायिक हिरासत में हैं।
पुलिस का संदेश
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले और समाज में भय का माहौल बनाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में थाना देहात पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।