बैठक में कलेक्टर श्री साकेत मालवीय द्वारा आगामी त्यौहारों के लिए सभी को शुभकामनाएं एवं बधाई दी। उन्होंने कहा कि आगामी त्यौहारों को आपसी भाईचारे के साथ सौहार्द्र एवं शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं। सभी त्यौहार एवं उत्सव हर्षोल्लास से मने और शांति बनी रहे। उन्होंने कहा कि होलिका दहन के लिए नागरिकगण लकड़ी के स्थान पर गो-काष्ठ (उपलों) का अधिकाधिक उपयोग करें। उन्होंने नगरपालिका सीएमओं को निर्देश दिए कि त्यौहारों पर पर्याप्त साफ सफाई रहें। होलिका दहन स्थलों का संयुक्त टीम बनाकर निरीक्षण किया जाए। उन्होंने कहा कि त्यौहारों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुदृढ़ कराई जायेगी। त्यौहारों पर किसी भी प्रकार की समस्या आने पर अवगत कराये,जिससे उसका समाधान किया जा सके।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री राजीव कुमार मिश्रा ने कहा कि त्यौहारों पर जिले में शांति व सौहार्द्र की परम्परा कायम रही है और इसे हमेशा कायम रखना हम सभी का दायित्व भी है। त्यौहारों पर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रहेगी। असामाजिक तत्वों के विरूद्ध सख्ती से कार्यवाही की जायेगी।
बैठक में 02 मार्च को होलीका दहन,03 मार्च होली,08 मार्च को रंगपंचमी,19 मार्च को गुडपड़वा,20 मार्च को चैतीचांद/वीरांगना अवंतीबाई बलिदान दिवस,21मार्च को ईद उल फितर,27 मार्च को रामनवमी,31 मार्च को महावीर जयंती सहित आगामी माहों में आने वाले त्यौहारों के आयोजन के संबंध में चर्चा की गई। बैठक में शांति समिति के सदस्यों के सुझाव लिये गये।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री डी.एन.सिंह,संयुक्त कलेक्टर श्री बृजविहारीलाल श्रीवास्तव,एसडीएम श्रीमती शुभ्रता त्रिपाठी,एसडीओपी श्री विवेक शर्मा सहित संबंधित अधिकारी एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।