🔶गिरोह द्वारा महिलाओं को अश्लील मैसेज,गाली गलौंच, मानसिक प्रताड़ित कर एवं पुरूषों को प्रेमजाल की बातों में फँसाकर पैसे एठने का किया जाता था अपराध।
🔶मध्यप्रदेश के कई जिलों के युवक युवतियां भी हुये है इस गिरोह का शिकार, शाढौरा पुलिस कर रही है गहन अन्वेषण।
पुलिस अधीक्षक अशोकनगर श्री राजीव कुमार मिश्रा द्वारा जिले के समस्त थाना प्रभारियों को आई.टी एक्ट के प्रकरण में त्वरित कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया है।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अशोकनगर श्री राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोकनगर श्री गजेन्द्र सिंह कँवर एवं एसडीओपी अशोकनगर श्री विवेक शर्मा के मार्गदर्शन मे आई.टी एक्ट के प्रकरण में मध्यप्रदेश के हेलोक्राइम नाम से प्रसिद्ध ग्राम थोना जिला निवाड़ी के फर्जीवाड़ा गिरोह का पर्दाफाश कर एक आरोपिया को ग्राम थोना जिला निवाड़ी से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
उल्लेखनीय है कि दिनांक 05.09.2025 को थाना शाढौरा अंतर्गत सेमरी निवासी फरियादिया ने थाना शाढौरा पर अज्ञात मोबाइल धारकों द्वारा फोन लगाकर एवं व्हाट््सएप पर अश्लील मैसेज भेजकर पीड़िता को मानसिक प्रताड़ित किए जाने संबंधी रिपोर्ट दर्ज कराई थी जिसपर से थाना शाढौरा में अपराध क्रमांक 242/25 कायम कर विवेचना में लिया गया।
मामले की संवेदनशीलता एवं गंभीरता को देखते हुये पुलिस अधीक्षक अशोकनगर श्री राजीव कुमार मिश्रा द्वारा थाना प्रभारी शाढौरा को त्वरित कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया। निरीक्षक सुनील सिकरवार थाना शाढौरा, द्वारा उनि0 संध्या रघुवशी थाना शाढौरा के नेतृत्व में टीम गठित कर प्रकरण के अज्ञात आरोपियों की पतारसी हेतु रवाना किया गया। टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उक्त अपराध के गिरोह का पर्दाफाश कर एक आरोपिया निधि यादव पुत्री भूपेन्द्र यादव उम्र 24 साल निवासी थोना जिला निवाड़ी को गिरफ्तार कर अपराध सदर में प्रयुक्त मोबाइल व सिम को जप्त किया गया है। आरोपिया ने पूछताछ पर बताया कि वह अपने अन्य साथियों के साथ फर्जी सिमों का उपयोग कर मध्यप्रदेश के कई जिलों के युवक युवतियों को प्रेमजाल में फँसाकर एवं मानसिक प्रताड़ित कर पैसे एठने का काम करती है। अशोकनगर पुलिस द्वारा मध्यप्रदेश के अन्य जिलों से भी जानकारी प्राप्त कर गहन अन्वेषण किया जा रहा है।
उपरोक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी शाढौरा निरीक्षक सुनील सिकरवार, उनि0 संध्या रघुवंशी, उनि0 पुनीत दीक्षित, सउनि0 संजय गुप्ता सायबर सेल, प्रआर पवन शर्मा, प्रआर0 विजय रघुवशी, प्रआर0 जितेन्द्र रघुवशी, आर0 उमेश खटीक, म.आर. रूमा श्रीवास्तव की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक अशोकनगर श्री राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशन में अशोकनगर पुलिस आई.टी एक्ट के प्रकरण में कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।