अशोकनगर में जनगणना 2027 के प्रथम चरण की शुरुआत

अशोकनगर। जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य शुक्रवार से जिले में शुरू हो गया। कलेक्टर एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी श्री साकेत मालवीय ने नगरपालिका अशोकनगर के टीचर कॉलोनी क्षेत्र में पहुंचकर इस अभियान का शुभारंभ किया।

इस दौरान उन्होंने श्री मुकेश कुमार जैन और श्री गंगाराम कुशवाह के घर जाकर मकान सूचीकरण की प्रक्रिया का निरीक्षण किया और प्रगणकों द्वारा किए जा रहे कार्य की जानकारी ली। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करते हुए गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।

कलेक्टर श्री मालवीय ने जिले के नागरिकों से अपील की कि जनगणना 2027 एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें सभी की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी एकत्र कर रहे हैं, इसलिए नागरिक उन्हें सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि सटीक आंकड़े प्राप्त हो सकें।

जिले में जनगणना का यह कार्य चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा, जिसके तहत हर घर का सर्वे कर आवश्यक विवरण एकत्रित किया जाएगा।


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने