अशोकनगर। शहर की एक युवती से 1 करोड़ 30 लाख रुपये की ठगी के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में पहले से तांत्रिक महिला, उसके पति, युवती के प्रेमी एवं टैटू स्टूडियो संचालक की संलिप्तता सामने आ चुकी है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों ने खुद को पुलिस अधिकारी बताकर युवती को फोन किए थे और विभिन्न कार्रवाई का डर दिखाकर पैसों की मांग की थी। आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से युवती को मानसिक रूप से दबाव में लेकर बड़ी रकम ऐंठी।
जांच में सामने आया है कि पूरा गिरोह मिलकर युवती को लगातार भ्रमित करता रहा और अलग-अलग तरीकों से पैसे वसूलता रहा। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि साइबर ठगी और फर्जी कॉल से जुड़े मामलों में लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है तथा किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा पुलिस अधिकारी बनकर पैसे मांगने पर तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दें।