अशोकनगर, 8 अप्रैल 2026।
जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में बुधवार को अशोकनगर में थाना यातायात द्वारा व्यापक यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया।
यह अभियान पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह कंवर एवं एसडीओपी विवेक शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। अभियान के तहत सेन चौराहा, गांधी पार्क, सुभाषगंज, स्टेशन रोड और पुराना बाजार जैसे प्रमुख स्थानों पर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान दोपहिया व चारपहिया वाहन चालकों, ऑटो चालकों, ड्राइवरों, व्यापारियों, ठेला संचालकों और आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, नशे में वाहन न चलाने और ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित नागरिकों को सुरक्षित वाहन चलाने एवं यातायात नियमों का पालन करने की शपथ भी दिलाई गई।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि इस तरह के जागरूकता अभियान का उद्देश्य आमजन में जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। जिले में यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।