अशोकनगर, 20 अप्रैल 2026। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा 16-17 अप्रैल को भोपाल स्थित सुंदर लाल पटवा राष्ट्रीय नगर प्रबंधन संस्थान में आयोजित दो दिवसीय शहरी सुधार कार्यशाला एवं समीक्षा बैठक में अशोकनगर नगर पालिका के कार्यों को विशेष सराहना मिली।
कार्यशाला में अपर मुख्य सचिव श्री संजय दुबे एवं आयुक्त श्री संकेत भोंडवे ने प्रदेशभर में चल रही शासकीय योजनाओं की समीक्षा की। समापन दिवस 17 अप्रैल को “बेस्ट प्रैक्टिसेस” सत्र में नगर पालिका अशोकनगर द्वारा वर्ष 2024 में तुलसी सरोवर के गहरीकरण कार्य का प्रस्तुतीकरण दिया गया।
इस कार्य की खास बात यह रही कि सरोवर का गहरीकरण पूरी तरह जनसहयोग से किया गया और इसमें शासन की कोई राशि खर्च नहीं हुई। इस नवाचार को उपस्थित अधिकारियों ने सराहा और इसे अनुकरणीय पहल बताया।
उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री विनोद उन्नीतान एवं उपयंत्री श्री गौरव ठाकुर को आयुक्त श्री संकेत भोंडवे द्वारा प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में प्रदेश के 16 नगर निगमों के आयुक्त तथा 28 नगर पालिकाओं के सीएमओ एवं उपयंत्री मौजूद रहे।