शिवपुरी। जिले की देहात थाना पुलिस ने अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 20.45 ग्राम स्मैक बरामद की है, जिसकी कीमत लगभग 4 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति लुधावली स्थित नर्सरी ग्राउंड में संदिग्ध हालत में खड़ा होकर स्मैक बेचने की फिराक में है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विकास यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पवन जाटव (35) पुत्र बाबूराम जाटव, निवासी टोंगरा रोड फतेहपुर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से 20.45 ग्राम स्मैक बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी स्मैक कहां से लाया था और इसे किन लोगों को सप्लाई करने वाला था।
पुलिस का कहना है कि इस मामले में जुड़े अन्य संभावित आरोपियों की भी तलाश की जा रही है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।