गनिहारी गांव में किसान-मजदूरों की बैठक, MSP की गारंटी सहित कई मांगें उठीं

अशोकनगर। ईसागढ़ तहसील के गनिहारी गांव में ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन के बैनर तले किसान-मजदूरों की एक अहम बैठक आयोजित की गई। यह कार्यक्रम 17 से 24 मार्च 2026 तक चल रहे प्रदेशव्यापी विरोध सप्ताह के तहत किया गया।

बैठक में बड़ी संख्या में किसान, खेत मजदूर और ग्रामीण शामिल हुए। सभी ने एकजुट होकर अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर आवाज उठाई। मुख्य रूप से सभी फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी और सरकारी खरीद सुनिश्चित करने की मांग प्रमुख रही।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संगठन के जिला सचिव कृष्णा बैरागी ने कहा कि गांव-गांव में जनजागरण अभियान चलाकर किसानों और मजदूरों को संगठित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बढ़ती महंगाई, कर्ज का बोझ, सिंचाई और बिजली संकट, महंगे कृषि संसाधन और फसलों के उचित दाम न मिलने से किसानों की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है।

बैठक में वक्ताओं ने सरकार की नीतियों को किसान विरोधी बताते हुए आरोप लगाया कि ये नीतियां बड़े पूंजीपतियों के पक्ष में हैं। साथ ही अमेरिका के साथ हुए व्यापार समझौते का विरोध करते हुए इसे किसानों के हितों के खिलाफ बताया गया और इसे वापस लेने की मांग की गई।

इसके अलावा बिजली के निजीकरण और प्रीपेड स्मार्ट मीटर लागू करने के फैसले का भी कड़ा विरोध किया गया। किसानों का कहना था कि इससे आम उपभोक्ताओं और किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।

कार्यक्रम के अंत में संगठन ने गांव-गांव में जनजागरण अभियान चलाने, ग्राम सभाएं और महापंचायतें आयोजित करने तथा अधिक से अधिक लोगों को आंदोलन से जोड़ने की अपील की।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने