अशोकनगर। जिले के ग्राम सोवत में हुई लाखों रुपये की चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 8 लाख रुपये मूल्य का चोरी गया माल बरामद किया है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें भी जब्त की गई हैं।
एसडीओपी Vivek Sharma के मार्गदर्शन में थाना कचनार पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
रात में घर में घुसकर दिया वारदात को अंजाम
घटना 15 फरवरी की है। ग्राम सोवत निवासी 62 वर्षीय शारदा बाई ने थाना कचनार में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रात करीब 1:30 बजे अज्ञात बदमाश उनके घर में घुस आए और सोने-चांदी के आभूषण सहित नकदी चोरी कर ले गए। बदमाशों ने उन्हें धमकाया भी था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी कचनार उपनिरीक्षक पूनम सेलर के नेतृत्व में विशेष टीमें गठित की गईं। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी जैकी पुत्र बृजेश बाल्मीक, अमन पुत्र विनोद बाल्मीक, पाताल उर्फ छोटू पुत्र हरवीर बाल्मीक और करन पुत्र सोनू बाल्मीक को गिरफ्तार किया।
जेवरात और नकदी बरामद
आरोपियों के कब्जे से सोने की चेन, मंगलसूत्र, झुमकी, चांदी की पायलें, चांदी के टुकड़े तथा 30 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें भी जब्त की हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।