---
शासन द्वारा ग्राम भारतपुरा टोरिया को नगर परिषद मुंगावली जिला अशोकनगर में सम्मलित कर दिया गया है। जिसकी अधिसूचना क्र. 08-एफ-UDH-13/0001/ 2025 / अठारह 3 दिनांक 28 नवम्बर 2025 जो मध्यप्रदेश राजपत्र असाधारण क्रमांक 322 दिनांक 01 दिसम्बर 2025 में प्रकाशित हो चुकी है।
उल्लेखनीय है कि ग्राम भारतपुरा टोरिया का क्षेत्र ग्राम पंचायत में था एवं इस स्थान पर रहने वाले समस्त नागरिक नगर परिषद मुंगावली के वार्ड क्रमांक 02 के मतदाता थे। इस लिये इन्हे शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त नही हो रहा था। ग्राम पंचायत वाले कहते थे कि आप नगर परिषद मुंगावली के वार्ड 2 में हो, नगर परिषद वाले कह देते थे कि आपका क्षेत्र अभी ग्राम पंचायत में है। इस समस्या का निराकरण करने की मांग क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों द्वारा कलेक्टर श्री आदित्य सिंह से की गई थी। कलेक्टर द्वारा शासन को कार्यवाही हेतु प्रतिवेदन भेजा गया था।