थाना शाढौरा अंतर्गत सनसनीखेज लूट मामले में पुलिस की बड़ी कार्यवाही, कट्टे की नोक पर लूट करने वाला अंतर्राज्यीय लुटेरा सोनू मीना गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त 315 बोर का देशी कट्टा, 06 जिंदा कारतूस एवं लूटे गये 05 लाख रूपये जप्त’’



 पुलिस अधीक्षक अशोकनगर श्री राजीव कुमार मिश्रा द्वारा जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारियों एवं चैकी प्रभारियों को संपत्ति संबंधी अपराधों में त्वरित, प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने हेतु स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के क्रम में जिले में घटित गंभीर संपत्ति अपराधों पर लगातार सख्त कार्यवाही की जा रही है।
 इसी क्रम में आज दिनांक 30.12.2025 को पुलिस अधीक्षक अशोकनगर श्री राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशन में एवं एसडीओपी अशोकनगर श्री विवेक शर्मा के मार्गदर्शन में थाना शाढौरा क्षेत्र अंतर्गत घटित 20 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट के प्रकरण में कट्टे की नोक पर लूट करने वाला अंतर्राज्यीय लुटेरा सोनू उर्फ सुनील उर्फ जसरथ पुत्र शंकरलाल मीना उम्र 35 साल निवासी ग्राम केशोपुर थाना कुंभराज जिला गुना को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त 315 बोर का देशी कट्टा 06 जिंदा कारतूस एवं लूटे गये 05 लाख रूपये जप्त करने में सफलता प्राप्त की है। 
 उल्लेखनीय है कि थाना शाढौरा अंतर्गत दिनांक 03.12.2025 को गुना अशोकनगर रोड स्थित नगऊखेड़ी तिराहा एवं रेलवे फाटक के मध्य फरियादी नीरज साहू पिता भगवान सिंह साहू, उम्र 33 वर्ष, निवासी नईसराय रोड, शाढौरा के साथ चार अज्ञात व्यक्तियों द्वारा 20 लाख रुपये की लूट की गंभीर घटना कारित की गई थी। उक्त घटना पर थाना शाढौरा में अपराध क्रमांक 298/25 धारा 309(6) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
 घटना की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अधीक्षक अशोकनगर श्री राजीव कुमार मिश्रा द्वारा अज्ञात आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं लूटे गए मशरूका की बरामदगी हेतु 10,000 रुपये का नकद ईनाम घोषित किया गया तथा एसडीओपी अशोकनगर श्री विवेक शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। 
 विशेष टीम द्वारा तत्परता से कार्यवाही करते हुए मुख्य आरोपी राजा पुत्र रामसिंह भदौरिया निवासी भरसाबाबड़ी, शाढौरा सहित आरोपी अनिकेत मीना पुत्र छतर सिंह मीना उम्र 25 वर्ष निवासी ग्राम उमरिया कला, थाना कुंभराज जिला गुना एवं गोलू उर्फ राहुल पुत्र चतुर सिंह मीना निवासी उमरिया चक्क थाना कुंभराज जिला गुना को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है।
 प्रकरण में फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने हेतु पुलिस टीम द्वारा मुखबिर तंत्र को सुदृढ़ किया जाकर संभावित स्थानो पर लगातार दबिश दी जा रही थी। इसी क्रम में आज दिनांक 30.12.2025 को विश्वसनीय मुखबिर सूचना के आधार पर कट्टे की नोक पर लूट करने वाला अंतर्राज्यीय लुटेरा सोनू उर्फ सुनील उर्फ जसरथ पुत्र शंकरलाल मीना उम्र 35 साल निवासी ग्राम केशोपुर थाना कुंभराज जिला गुना के मावन रेलवे स्टेशन पर होने की सूचना पर से पुलिस टीम द्वारा घेरावंदी कर मौके से गिरफ्तार किया गया उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का देशी कट्टा, 06 जिंदा कारतूस एवं लूटे गये 05 लाख रूपये विधिवत जप्त किये गये। आरोपी को माननीय न्यायालय अशोकनगर मे पीआर पर पेश किया जा रहा है। 
 उल्लेखनीय है कि आरोपी सोनू उर्फ सुनील उर्फ जसरथ पुत्र शंकरलाल मीना उम्र 35 साल निवासी ग्राम केशोपुर थाना कुंभराज जिला गुना के विरूद्ध मध्यप्रदेश एवं राजस्थान में दर्जनों अपराध पंजीवद्ध है। आरोपी सोनू उर्फ सुनील उर्फ जसरथ पुत्र शंकरलाल मीना पूर्व में 30,000 रूपये का इनामी आरोपी एवं वर्ष 2017 में ग्राम खटकिया जिला गुना के सरपंच गोपाल मीना के अपहरण में आरोपी रहा चुका है। 
  उपरोक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी शाढौरा निरी० सुनील सिकरवार, उनि पुनीत दीक्षित, उनि मसीह खान, उनि संध्या रघुवंशी, सउनि हेमराज मीना, प्रआर जितेन्द्र रघुवंशी, प्रआर विजय रघुवंशी, आर0 हरि लोधी, आर उमेश खटीक की सराहनीय भूमिका रही।
 पुलिस अधीक्षक अशोकनगर श्री राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशन में अशोकनगर पुलिस द्वारा जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों में लिप्त अपराधियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्यवाही की जाएगी। प्रकरण में शेष आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु विशेष जांच टीम निरंतर सक्रिय है तथा जल्द ही शेष आरोपियों को गिरफ्तार कर मशरूका की बरामदगी की जावेगी।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने