03 जून को अशोकनगर जिले की आंगनबाड़ियों में तालाबंदी, कार्यकर्ता-सहायिकाएं करेंगी धरना प्रदर्शन



अशोकनगर। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता/सहायिका संघ (संबद्ध भारतीय मजदूर संघ) के प्रांतीय आह्वान पर जिले की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका बहनें 03 जून को अपनी लंबित एवं जायज मांगों तथा स्थानीय समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर आंगनवाड़ियों में तालाबंदी कर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन करेंगी। इसके पश्चात मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा।

संघ की जिला अध्यक्ष सुनीता विश्वकर्मा ने बताया कि नियमितीकरण सहित विभिन्न मांगें लंबे समय से लंबित हैं। साथ ही जिले में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की भर्ती एवं विभागीय कार्यप्रणाली में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार संबंधी शिकायतों पर अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं द्वारा पर्यवेक्षकों के विरुद्ध प्रस्तुत शिकायतों पर भी विभागीय अधिकारियों द्वारा कार्रवाई न किए जाने से व्यापक असंतोष है।

उन्होंने कहा कि जिले की कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं कलेक्ट्रेट के सामने शांतिपूर्ण सांकेतिक धरना-प्रदर्शन करेंगी। यदि एक माह के भीतर स्थानीय समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तथा शिकायतों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो संगठन अनिश्चितकालीन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। मांगों पर विचार न होने की स्थिति में प्रदेश स्तर पर भोपाल में भी बड़ा आंदोलन किया जा सकता है।

प्रमुख मांगें

1. आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का मानदेय प्रत्येक माह की 5 तारीख तक खातों में जमा किया जाए।


2. जिन पर्यवेक्षकों के विरुद्ध भ्रष्टाचार संबंधी शिकायतें साक्ष्यों सहित प्रस्तुत की गई हैं, उन पर शीघ्र कार्रवाई की जाए।


3. मिनी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से पूर्णकालिक आंगनवाड़ी कार्यकर्ता बनाए जाने के मामलों में कथित रूप से ली गई अवैध राशि की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए तथा राशि वापस दिलाई जाए।


4. एमपीआर के नाम पर कार्यकर्ताओं से वसूली की शिकायतों की जांच कर दोषी पर्यवेक्षकों पर कठोर कार्रवाई की जाए।


5. सेक्टर मुख्यालय से दूर निवास करने वाले पर्यवेक्षकों को नियमानुसार सेक्टर मुख्यालय पर पदस्थ किया जाए।


6. टीएचआर (THR) परिवहन व्यवस्था के लिए नियमित टेंडर प्रक्रिया लागू की जाए तथा लंबित भुगतान किया जाए।


7. बैठकों एवं कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए शासन नियमों के अनुसार परिवहन भत्ता दिया जाए।


8. किराए के आंगनवाड़ी भवनों का किराया निर्धारित दरों के अनुसार भुगतान किया जाए।


9. वर्ष 2025-26 में स्वीकृत नए आंगनवाड़ी भवनों का निर्माण शीघ्र पूर्ण कराया जाए।


10. बिना कारण बताओ नोटिस के काटे गए मानदेय का भुगतान किया जाए।


11. सक्षम आंगनवाड़ियों में विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि एलईडी के माध्यम से बच्चों को शिक्षा दी जा सके।


12. एक ही परियोजना में लंबे समय से पदस्थ पर्यवेक्षकों का नियमानुसार स्थानांतरण किया जाए।


13. कार्यकर्ताओं की मासिक बैठकें सेक्टर मुख्यालय पर ही आयोजित की जाएं तथा अनावश्यक रूप से जिला एवं परियोजना मुख्यालय पर न बुलाया जाए।



यह धरना-प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित किया जाएगा तथा मांगों के निराकरण हेतु प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने