अशोकनगर में बड़ी साजिश नाकाम, पेट्रोल बम के साथ गैंगस्टर का गुर्गा गिरफ्तार

अशोकनगर। शहर में दहशत फैलाने की बड़ी साजिश को कोतवाली पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया। पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से जुड़े हैरी बॉक्सर और ऋतिक बॉक्सर के एक गुर्गे को गिरफ्तार किया है। आरोपी व्यापारी बनकर शहर में रह रहा था और एक प्रतिष्ठित व्यापारी के घर की रेकी कर रहा था।

पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गिरफ्तार आरोपी मनीष जांगिड़ (19) निवासी ग्राम साकून दादू, जिला जयपुर (राजस्थान) है। वह पिछले आठ दिनों से अशोकनगर में रहकर स्टेशन रोड और आसपास के इलाके की रेकी कर रहा था। आरोपी एक होटल में फर्जी आधार कार्ड के सहारे ठहरा हुआ था और खुद को व्यापारी बताकर लोगों को गुमराह कर रहा था।

दरअसल 12 फरवरी को शहर के व्यापारी अंकित अग्रवाल को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े हैरी बॉक्सर के नाम से व्हाट्सएप कॉल, वीडियो कॉल और वॉइस नोट के जरिए 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई थी। रकम नहीं देने पर व्यापारी और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई थी। शिकायत के आधार पर कोतवाली थाने में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने जयपुर, जैसलमेर, इंदौर और गोवा समेत कई स्थानों पर जाकर तकनीकी साक्ष्य जुटाए। वहीं अशोकनगर में होटल, लॉज, धर्मशाला, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया और सादे कपड़ों में पुलिस लगातार निगरानी कर रही थी।

इसी बीच 5 मार्च की रात मिलन तिराहे के पास फरियादी के घर के आसपास एक संदिग्ध युवक घूमता मिला। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर तलाशी ली तो उसके पास से छह पेट्रोल बम, दो मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल और एक फर्जी आधार कार्ड बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह 2024 में जयपुर क्लब फायरिंग के बाद ऋतिक बॉक्सर के संपर्क में आया था और बाद में हैरी बॉक्सर के लिए काम करने लगा। इस वारदात के लिए उसे एक लाख रुपये एडवांस दिए गए थे। घटना के बाद उसे इंदौर में भी एक अन्य वारदात को अंजाम देने भेजा जाना था।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने