अशोकनगर मे यूजीसी के समर्थन में ओबीसी, एससी-एसटी वर्ग का शक्ति प्रदर्शन, रैली निकाल सौंपा ज्ञापन



अशोकनगर। अशोकनगर में शनिवार को ओबीसी, एससी एवं एसटी वर्ग द्वारा यूजीसी के समर्थन में बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया गया। ओबीसी-एससी-एसटी एकता मंच के आह्वान पर पछाड़ीखेड़ा स्थित विमानों के चबूतरा परिसर में सुबह 11 बजे से शाम 4:30 बजे तक विशाल सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में जिले सहित आसपास के जिलों से सैकड़ों लोग शामिल हुए।

सभा में मंच से समाज के प्रमुख वक्ताओं ने संविधान प्रदत्त अधिकारों, सामाजिक न्याय और समान प्रतिनिधित्व के मुद्दों पर विस्तार से विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा, रोजगार, प्रशासन और न्यायपालिका सहित विभिन्न क्षेत्रों में अब भी पिछड़े वर्गों को संरचनात्मक भेदभाव का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने यूजीसी से जुड़े प्रावधानों को पूर्ण रूप से लागू रखने और प्रभावी क्रियान्वयन की मांग दोहराई।

सभा के उपरांत प्रतिभागियों ने रैली निकाली, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई कलेक्ट्रेट पहुंची। यहां प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि दीनाभाना जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित महासम्मेलन का उद्देश्य सामाजिक एवं आर्थिक विषमताओं की समाप्ति तथा शासन स्तर पर लंबित जनहितकारी मुद्दों पर लोकतांत्रिक संवाद स्थापित करना है।

मुख्य मांगों में यूजीसी को पूर्ण रूप से लागू करना, ओबीसी का 13 प्रतिशत होल्ड हटाना, विधानसभा एवं लोकसभा में राजनीतिक आरक्षण लागू करना, जातीय जनगणना में ओबीसी कॉलम जोड़ना और बैकलॉग पदों पर भर्ती करना शामिल है। इसके अतिरिक्त ग्वालियर हाईकोर्ट में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने, शासकीय सेवाओं में पदोन्नति में आरक्षण, सफाई कामगारों को नियमित करने, लंबित छात्रवृत्ति का समय पर भुगतान, आउटसोर्स नियुक्ति बिल निरस्त करने तथा ओबीसी प्रोटेक्शन एक्ट बनाने की मांग भी रखी गई।

मंच के पदाधिकारियों ने शासन से मांग की कि इन मुद्दों पर संवेदनशीलता के साथ शीघ्र निर्णय लिया जाए, ताकि सामाजिक समरसता और संवैधानिक मूल्यों को और अधिक मजबूती मिल सके।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने