ड्रोन की नजर
अशोकनगर, 08 फरवरी।
अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अशोकनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना कचनार क्षेत्र अंतर्गत ओर नदी किनारे बसे ग्राम माधोगढ़ में संचालित अवैध कच्ची शराब निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने मौके से 500 लीटर अवैध कच्ची शराब जप्त कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि करीब 5000 लीटर लहान को मौके पर ही नष्ट कर दिया। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 8 लाख 75 हजार 500 रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक श्री राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री गजेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में एसडीओपी श्री विवेक शर्मा के नेतृत्व में शुक्रवार तड़के सुबह करीब 4 बजे संयुक्त पुलिस बल ने ग्राम माधोगढ़ में दबिश दी। क्षेत्र के दुर्गम एवं घने जंगल को देखते हुए सर्चिंग के दौरान ड्रोन तकनीक का उपयोग किया गया।
कार्रवाई के दौरान आरोपी रमेश पिता शीतल पारदी से 150 लीटर, प्रहलाद पारदी से 110 लीटर तथा श्यामलाल पारदी और पहलााद पारदी से 30-30 लीटर अवैध शराब बरामद की गई। इसके अलावा झाड़ियों में छिपाकर रखी गई दो अलग-अलग स्थानों से 90-90 लीटर अवैध शराब भी जप्त की गई।
पुलिस ने चारों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना कचनार एवं थाना देहात में आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत कुल छह प्रकरण दर्ज किए हैं। नदी के पानी को प्रदूषित करने के कारण आरोपियों पर बीएनएस की धारा 279 भी जोड़ी गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार ग्राम माधोगढ़ क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब निर्माण की गतिविधियां संचालित हो रही थीं। पूर्व में आरोपी जंगल और नदी का सहारा लेकर फरार हो जाते थे, लेकिन इस बार ड्रोन सर्विलांस और तकनीकी रणनीति से पुलिस को उल्लेखनीय सफलता मिली।
इस संयुक्त कार्रवाई में कचनार, पिपरई, देहात, बहादुरपुर, शाढोरा, नईसराय, कोतवाली और पुलिस लाइन का बल शामिल रहा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आगामी करीला मेले को ध्यान में रखते हुए जिले में अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।