चंदेरी।
उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार शासकीय माधव महाविद्यालय, चंदेरी द्वारा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, चंदेरी में शैक्षणिक मार्गदर्शन एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने हेतु विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को विषय चयन, उच्च शिक्षा तथा भविष्य की तैयारी के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के प्राचार्य श्री भुवन भार्गव के मार्गदर्शन में विद्यालय स्टाफ के सहयोग से किया गया।
कार्यक्रम में इतिहास विषय की सहायक प्राध्यापक अर्पिता तिवारी ने छात्राओं को गांव की बेटी योजना, प्रतिभा किरण योजना सहित अन्य शासकीय जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं उनसे मिलने वाले लाभों पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को इनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
गणित विषय की सहायक प्राध्यापक काजल शर्मा ने विषय की गहराई, तार्किक सोच के विकास तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। भौतिक विज्ञान विषय की सहायक प्राध्यापक अंतिमा सिंह ने विज्ञान विषयों के महत्व एवं प्रयोगशाला कार्य की उपयोगिता पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में क्रीड़ा अधिकारी संचिता राठौड़ ने खेलों के महत्व, खेलों के माध्यम से करियर के अवसरों तथा शारीरिक एवं मानसिक विकास पर जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने विषय चयन, योजनाओं एवं करियर से संबंधित प्रश्न पूछे, जिनका समाधान विशेषज्ञों द्वारा किया गया। अंत में विद्यालय के प्राचार्य भुवन भार्गव एवं विद्यालय स्टाफ ने शासकीय माधव महाविद्यालय, चंदेरी की टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।